बिहार के पटना के नौबतपुर के अमरपुरा गांव स्थित शिव मंदिर में आधी रात को अचानक शहनाई बजने लगी। महिलाओं ने मंगल गीत गाने शुरू कर दिए। गीत और शहनाई की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जमा हुए और इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। दरअसल, पालीगंज निवासी अभिषेक कुमार और नौबतपुर के अमरपुरा निवासी मनीषा कुमारी का प्रेम प्रसंग पिछले लगभग तीन वर्षों से चल रहा था। दोनों एक दूसरे से छिप-छिप कर बराबर मिला करते थे। इस बात की जानकारी परिवार के लोगों को लग गई थी।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोगों ने अभिषेक कुमार को कई बार इस बात के लिए सख्त हिदायत दी थी कि वह दोबारा मनीषा कुमारी से न मिले। इसके बावजूद अभिषेक-मनीषा का मिलना-जुलना जारी रहा। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात अभिषेक कुमार मनीषा कुमारी से मिलने उसके गांव नौबतपुर के अमरपुरा पहुंचा था। इस बात की भनक परिवार के लोगों को लग गई। परिवार के लोगों ने प्रेमी युगल को रंगे हाथ पकड़ लिया। गांव में इस बात की चर्चा आग की तरफ फैल गई। सूचना मिलते ही गांव के सभी लोग मौके पर जमा हो गए।
इस बीच लोगों ने आधी रात को अमरपुरा के शिव मंदिर पहुंचकर दोनों प्रेमी-प्रेमिका की शादी कर दी। महिलाओं ने इस मौके पर मंगल गीत गाए और बुधवार की सुबह लड़की की विदाई कर दी गई। इस बात की चर्चा पूरे गांव में जोर-शोर से हो रही है।