राजधानी पटना में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है, जहां रिटायर्ड डीएसपी दिवंगत राम लखन सिंह के मकान और उसमें स्थित दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर और दुकान दोनों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
किरायेदार के जाते ही चोरों ने बोला धावा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के बिड़ला मंदिर रोड की है। जहां दिवंगत डीएसपी राम लखन सिंह का मकान स्थित है। उनके पुत्र राजीव रंजन, जो वर्तमान में पुणे में रहते हैं, यहां सिर्फ एक किरायेदार रहते हैं। किरायेदार 27 फरवरी को अपने गांव किसी परिजन के श्राद्ध में गए थे और जब वह आज पटना लौटे तो देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था। घबराकर उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को फोन कर बुलाया। जब दुकान मालिक पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकान के अंदर का गेट भी तोड़ा गया था। चोरी की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मोबाइल, दुकान का सामान और गहने-नकदी चोरी
दुकानदार ने बताया कि चोरों ने दुकान से करीब 15 हजार रुपये कैश, 10 पीस डेयरी मिल्क चॉकलेट, चार किलो घी और एक एप्पल का मोबाइल फोन चुरा लिया। इसके अलावा मकान में रखे लाखों के गहने और नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया।
राजीव रंजन ने बताया कि चोरों ने उनके घर में रखी अलमारी से 100 चांदी के सिक्के, 25 हजार रुपये कैश, चार जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का कटोरा, प्लेट और भगवान के चार चांदी के मुकुट चुरा लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खोलकर नीचे रख दिया, ताकि उनका कोई सुराग न मिले।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि स्वर्गीय राम लखन सिंह 1985 में पीरबहोर थाना में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे, बाद में उन्हें प्रमोशन देकर डीएसपी बना दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीरबहोर थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम ने बताया कि चोरी की घटना दर्ज कर ली गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की चौकसी पर उठे सवाल
पटना में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों से लेकर सरकारी अफसरों तक के घर चोरों के निशाने पर हैं, लेकिन पुलिस अब तक चोरों पर लगाम लगाने में असफल नजर आ रही है। पीड़ित परिवार ने चोरी के दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने और सामान बरामद करने की मांग की है।