फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बाढ़ में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन किया जाम

Sun, 04 Oct 2026 06:16 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बाढ़ के नदावां गांव के पास एनएच-30ए फोरलेन पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पीयूष कुमार और विशाल कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रशासन के आश्वासन पर जाम हटाया गया।

 

विज्ञापन
सड़क दुर्घटना में दो युवक की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के नदावां गांव के समीप एनएच-30ए फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बेढ़ना के पास बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन और एनएच-30ए को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नदावां गांव निवासी हरेराम सिंह का 19 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार और संजय सिंह का 20 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार मोटरसाइकिल से बाढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर विद्युत पावर ग्रिड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद पीयूष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन


पढ़ें: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?

एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही नदावां गांव में मातम छा गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों शवों को फोरलेन अंडरपास में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।

जाम की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामकृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अंचलाधिकारी ने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत पारिवारिक लाभ योजना की राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के करीब एक घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और यातायात बहाल हो सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें