बिहारशरीफ के बिहार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना रेलवे गुमटी खंदकपर के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
कार्टून के अंदर मिला शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुमटी के पास झाड़ियों में एक कार्टून रखा हुआ था। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु का शव रखा हुआ था। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि रेलवे गुमटी खंदकपर के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। हमारी टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। हम इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
दो दिन पहले भी मिला था नवजात का शव
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही दीपनगर थाना क्षेत्र के सिपाह पचौड़ी पुल के नीचे पंचाने नदी में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। इधर, लगातार नवजात शिशुओं के शव मिलने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर क्यों नवजात शिशुओं को मारा जा रहा है? क्या प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कदम उठा रहा है?