नालंदा जिले में जमीन विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। दीपनगर थाना क्षेत्र के दरोगा बीघा (कल्याणपुर) गांव में खेत की जुताई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में फायरिंग हुई, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। घायल युवक की पहचान गणेश यादव के 28 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। गोली उसके बाएं पैर के घुटने के पास लगी है। उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खेत में जुताई के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार अपने खेत में जुताई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान गोपाल सिंह, शिशुपाल सिंह समेत कुछ लोग वहां पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि शिशुपाल सिंह ने गोली चला दी, जो रौशन के पैर में जा लगी।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
घायल के भाई कौशल कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस की गश्ती टीम मौके पर मौजूद थी। उनका कहना है कि पुलिस के सामने ही हमलावरों ने बेखौफ होकर फायरिंग की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की भूमिका को लेकर भी नाराजगी देखी गई।
पुराना है जमीन का विवाद
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, करीब दो वर्ष पहले सुहावन सिंह ने गणेश यादव को जमीन बेची थी। बाद में जमीन की सीमा (चौहद्दी) को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अंचल अधिकारी (सीओ) को जमीन की मापी कराने के लिए पत्र भेजा गया था। मापी की तिथि भी तय हुई थी, लेकिन उस दिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बाद में सीओ का तबादला हो गया, जिससे मामला लंबित रह गया।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: बांकीपुर में जीत सुनिश्चित करने के लिए नितिन नवीन कर रहे मैराथन बैठक, अपनी टीम को क्या टास्क दिया?
घटनास्थल से हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को जब एक पक्ष खेत में धान की बुआई की तैयारी कर रहा था, तभी दूसरा पक्ष वहां पहुंच गया। इसी दौरान विवाद बढ़ा और फायरिंग की घटना हुई। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।