नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के समीप निर्माणाधीन टूरिस्ट वे पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव निवासी रंजन कुमार के 11 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना के संबंध में आयुष के फुफेरे भाई दीपू कुमार ने बताया कि आयुष अपने चचेरे भाइयों के साथ जगदंबा स्थान से पूजा कर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान मनियारपुर के पास सामने से आ रही एक बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में आयुष, सूरज कुमार और रविकांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। सूरज और रविकांत की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।
पढे़ं; मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा की धूम, अक्षरधाम से लेकर महाकाल मंदिर तक के बने पंडाल; लगी भीड़
बताया जाता है कि सूरज ने पांच दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी। रविवार को वह बाइक की पूजा कराने के लिए जगदंबा स्थान गया था। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार एक युवक की भी मौत हो गई। उसके साथ एक महिला भी सवार थी, जो घायल अवस्था में बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती है। दोनों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक को पास देने के दौरान दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस मामले में चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। दूसरी बाइक पर सवार मृतक की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों बाइक को जप्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।