Bihar; इस्लामपुर थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग गांव में रविवार की रात घरेलू कलह के कारण पति ने पत्नी की कुदाल से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। सोमवार सुबह इस घटना का खुलासा हुआ। वहीं मंगलवार को आरोपी का शव गांव के पास संदिग्ध हालात में मिला।
जानकारी के मुताबिक, संजय मांझी ने रविवार देर रात अपनी 50 वर्षीय पत्नी गिरानी देवी की कुदाल से वार कर हत्या कर दी थी। सोमवार सुबह उनका बेटा धनतेरस मांझी घर पहुंचा तो घटना का पता चला। वह उस रात गांव के ही पंचायत भवन में सो रहा था।
मंगलवार को संजय मांझी का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर चिमनी भट्ठा के पास बरामद किया गया। बेटे धनतेरस मांझी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि पिता का शव ईंट भट्ठा के पास पड़ा है। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पिता मुंह के बल गिरे हुए हैं और चेहरे पर मामूली चोट है। आशंका जताई जा रही है कि भागने के दौरान वह गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस मामले में इस्लामपुर थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी गंभीर चोट का निशान नहीं मिला है। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था।