बिहार के नालंदा में सोमवार की सुबह बख्तियारपुर-राजगीर रेल खंड के पावापुरी रोड हॉल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान राजगीर थाना क्षेत्र के दांगी टोला निवासी कृष्णा प्रसाद की पत्नी राजकुमारी देवी (60) के रूप में की गई है।
मृतका के बेटे पिंटू कुमार ने बताया कि मां और खुद के इलाज को लेकर राजगीर से पैसेंजर ट्रेन पकड़ पावापुरी मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। पावापुरी रोड हाल्ट के पास ट्रेन से उतरकर जैसे ही प्लेटफॉर्म की तरफ आ रहे थे। तभी सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर मां की मौत हो गई।
संपत्ति विवाद को लेकर छोटे बेटे ने की थी मारपीट
दरअसल, राजकुमारी देवी के छोटे बेटे हीरा वर्मा ने रविवार की शाम संपत्ति विवाद को लेकर घरवालों से मारपीट की थी। इसमें राजकुमारी देवी और उनका बड़ा बेटा पिंटू कुमार घायल हो गए थे, जो इलाज के लिए सोमवार की सुबह पावापुरी मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। तभी पावापुरी रेलवे हाल्ट के पास यह हादसा हो गया।
ट्रैक से शव को बटोर ले गई पुलिस
घटना की जानकारी पावापुरी रोड हाल्ट के स्टेशन प्रबंधक के द्वारा बिहार शरीफ जीआरपी और आरपीएफ को दी गई। तब तक ट्रेनों का परिचालन 2 नंबर ट्रैक से किया गया। मौके पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ द्वारा शव को ट्रैक से बटोर कर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। बिहार शरीफ रेल थानाध्यक्ष संजय कुमार पंडित ने बताया कि रेल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।