डीएसपी रंजन कुमार जानकारी देते हुए
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले के चिकसौरा इलाके में शुक्रवार की रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस छापेमारी में चिकसौरा बाजार निवासी शंकर विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। शंकर, स्वर्गीय राजू विश्वकर्मा का पुत्र है, और अपने ही घर में अवैध हथियारों का निर्माण कर रहा था।
डीएसपी रंजन कुमार ने दी जानकारी
शनिवार को डीएसपी रंजन कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर में अवैध हथियार बना रहा है। इसके बाद हिलसा सर्किल इंस्पेक्टर और चिकसौरा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के घर से अर्धनिर्मित हथियारों के अलावा निर्माण में प्रयुक्त मशीन और औजारों की भी भारी खेप जब्त की है। पुलिस ने 4 पीस अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल बॉडी, 4 पीस अर्धनिर्मित बैरल, 1 देसी कट्टा (लोहे व लकड़ी से बना), 1 देसी पिस्तौल, 1 कारतूस और 1 मिसफायर खोखा बरामद किया। इसके आलावा पुलिस ने 11 पीस विभिन्न आकार की रेती, 3 पीस ट्रिगर व ट्रिगर गार्ड, 2 लोहे की ड्रिल मशीन, 1 ग्राइंडर मशीन, 3 लोहा काटने की आरी और रिंच, हैंड ग्रिप सहित अन्य औजार भी बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें: विमान हादसे में बाल-बाल बचा बिहार का मेडिकल स्टूडेंट, मां को बताया कैसे बची जान
छापेमारी टीम की सराहनीय भूमिका
इस छापेमारी में हिलसा सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रभानु, चिकसौरा थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, और पुलिसकर्मी सुबोध राणा, विजय कुमार, दिलीप कुमार, राजकुमार, मनोज कुमार समेत चिकसौरा थाने की सशस्त्र टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब इस अवैध फैक्ट्री के नेटवर्क और आपूर्ति चैन की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और अन्य ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।