Bihar: घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें भीड़ द्वारा रोड़ेबाजी एवं हमला करते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। एवं एक व्यक्ति वीडियो में फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है।
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बारात के दौरान हुई मारपीट और फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। शिवधारी मैरेज हॉल के पास हुई इस घटना में स्थानीय लोगों के साथ बराती भी शामिल रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
बारात और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट
सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि दीपनगर थानाध्यक्ष को शनिवार देर रात सूचना मिली कि शिवधारी मैरेज हॉल पहाड़पुरा, जो कैम्ब्रिज स्कूल के पास स्थित है, उसके निकट एक बारात में बरातियों और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई है। इस मारपीट के दौरान कुछ लोगों द्वारा फायरिंग भी की गई। प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि विवाद की शुरुआत शिवधारी मैरेज हॉल में आयोजित बारात से हुई, जहां छोटे राउत, नाला रोड बिहारशरीफ के बेटे की शादी थी। बारात के दौरान बगल में दिलीप महतो के यहां भी बारात आई हुई थी।
विवाद से मारपीट तक
डीएसपी ने बताया कि दोनों बराती दलों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही गंभीर रूप ले गया। स्थिति बिगड़ने के बाद दिलीप महतो पक्ष के लोगों ने बराती दल पर हमला बोल दिया। इस हमले में शिवधारी मैरेज हॉल की ओर से आए बराती, बदमाशों का निशाना बने और मारपीट की घटना में फायरिंग भी हुई।
वीडियो सबूत और पुलिस कार्रवाई
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें भीड़ द्वारा रोड़ेबाजी एवं हमला करते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। एवं एक व्यक्ति वीडियो में फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने मारपीट में शामिल कुछ व्यक्तियों और फायरिंग करने वालों की पहचान स्थापित कर ली है।
दीपनगर थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि पुलिस ने पूरी घटना और मारपीट में शामिल तथा फायरिंग करने वाले सभी आरोपियों को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की है। वीडियो फुटेज से घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।