बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी मलाहविघा मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। शनिवार शाम से लापता 25 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह स्थानीय पईन के पास से बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान दक्षिणी मलाहविघा वार्ड नंबर 20 निवासी मोहम्मद फैजान (25) के रूप में हुई है, जो मोहम्मद शमीम उर्फ फेंकू का पुत्र था।
दोस्त घर से बुलाकर ले गया था
मृतक के पिता मोहम्मद शमीम ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे मोहम्मद महफूज का बेटा उनके घर आया और फैजान को अपने साथ बुलाकर ले गया। उन्होंने बताया कि वह युवक पिछले चार दिनों से लगातार उनके घर आ रहा था। जब देर रात तक फैजान घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान पता चला कि फैजान के साथ गया उसका दोस्त भी लापता है। रविवार सुबह वही युवक जख्मी हालत में अपने घर पहुंचा। उसकी निशानदेही पर पुलिस और परिजनों ने केवाई रोड के समीप पईन के पास से फैजान का शव बरामद किया। हालांकि शव मिलने के बाद वह युवक मौके से फरार हो गया।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या में क्रूरता का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, फैजान के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसका पूरा शरीर लाल पड़ा हुआ था और हाथ-पैर भी टूटे हुए प्रतीत हो रहे थे। परिजनों का कहना है कि हत्या के कारणों का उन्हें अभी तक पता नहीं है, लेकिन शक उसी युवक पर है जो फैजान को घर से बुलाकर ले गया था।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋतू राज भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। डीएसपी कुमार ऋतू राज ने बताया कि पुलिस को केवाई रोड के पास एक शव होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
डबल मर्डर से सनसनी, खून से लथपथ मिले दो युवकों के शव; जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
बताया जाता है कि मोहम्मद फैजान की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। वह पहले चूड़ी की फेरी का काम करता था और फिलहाल अपने पिता की फल की दुकान में हाथ बंटा था। उसकी असमय मौत के बाद पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।