मृतक मिथुन कुमार (फाइल फोटो) तथा घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पानी टंकी की दीवार से टकरा गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नालंदा थाना क्षेत्र के बड़गांव सूरजपुर मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान बेगमपुर नथाचक निवासी मिथुन कुमार (25) के रूप में हुई है।
खरीदारी के लिए गया था, लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, मिथुन कुमार शुक्रवार को नालंदा मोड़ पर खरीदारी करने के लिए गया था। वह बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था कि बड़गांव सूरजपुर मोड़ के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधी पानी टंकी की दीवार से टकरा गई। हादसे में मिथुन के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत परिजनों को दी। जैसे ही परिवार को मिथुन की मौत की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।
सात महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, मिथुन कुमार की शादी महज सात महीने पहले हुई थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदलकर रख दिया। मिथुन के अचानक यूं चले जाने से परिवार सदमे में है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नालंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। नालंदा थाना प्रभारी जवाहर राम ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन बन रहे हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित ढंग से बाइक चलाने की वजह से आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को कड़ाई से लागू करने की मांग की ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।