पटना और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पाटलिपुत्र और एसकेपुरी थाना पुलिस ने नालंदा के सोहसराय थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद परवेज को पकड़ा।
राजधानी पटना और आसपास के जिलों में चोरी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के पास से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 7 लाख 97 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। यह संयुक्त कार्रवाई पटना जिले के पाटलिपुत्र और एसकेपुरी थाना पुलिस द्वारा नालंदा के सोहसराय थाना पुलिस के सहयोग से की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर आशा नगर के मौलानगर मोहल्ले में छापेमारी कर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मोहम्मद कलीम के पुत्र मोहम्मद परवेज के रूप में हुई है।
विज्ञापन
संपन्न घरों को बनाता था निशाना
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर है और योजनाबद्ध तरीके से केवल संपन्न घरों, खासकर डॉक्टरों और बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाता था। सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि हाल के दिनों में आरोपी ने एसकेपुरी थाना क्षेत्र स्थित महावीर संस्थान में कार्यरत केरल के एक डॉक्टर के घर में चोरी कर जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया था। इसके अलावा, उसने पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के एक पॉश अपार्टमेंट में रहने वाले व्यवसायी के घर से करीब 11 लाख रुपये की नकदी भी चोरी की थी।
पुलिस को चकमा देकर भागा था कोलकाता
इन घटनाओं के बाद पटना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर कोलकाता फरार हो गया था। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की। जैसे ही आरोपी के वापस लौटने की सूचना मिली, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस छापेमारी टीम का नेतृत्व एसकेपुरी थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा, पाटलिपुत्र थाना के दारोगा अर्जुन मंडल और टुनटुन चौधरी ने किया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान हो सके और यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है और इससे इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।