नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मामू भगना के समीप रविवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के बलवापर गांव निवासी राहुल प्रसाद की 25 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतका के भतीजे ने बताया कि खुशबू कुमारी अपने चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर मायके से ससुराल जा रही थीं। इसी दौरान मामू भगना के पास पीछे से एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही खुशबू कुमारी सड़क पर मुंह के बल गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल पास के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
पढ़ें: बागमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, पीपा पुल पर चढ़ा पानी, दर्जनों पंचायतों का संपर्क टूटा
बताया गया है कि खुशबू कुमारी पिछले दो महीने से अपने मायके, नूरसराय थाना क्षेत्र के बालचंद बिगहा गांव में रहकर इलाज करवा रही थीं। रविवार को वह अपने भाई के साथ मायके से ससुराल लौट रही थीं। ससुराल पक्ष के लोग फिलहाल कोलकाता में निवास करते हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चीत्कार और मातम से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, इस मामले में ट्रैफिक थानाध्यक्ष सुशील कुमार राहुल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार बाइक सवार की पहचान करने के लिए प्रयास जारी हैं।