नालंदा में बुधवार रात सर्पदंश से एक बच्ची की मौत हो गई। मामला सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत समस्तीपुर गांव का है। मृतका समस्तीपुर निवासी अधिक यादव की चार साल की पुत्री संजली कुमारी थी। गुरुवार को परिजन शव के पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।
घटना के संबंध में मृतका के परिजन ने बताया कि संजली अपनी मां के साथ पलंग पर सो रही थी। सुप्तावस्था में सांप ने बच्ची को डंस लिया। दर्द के कारण उसकी नींद खुल गई। कुछ काटने की बात उसने मां को बताई। जब मां की नींद खुली तो सांप बच्ची के पैर पर से नीचे जाता हुआ दिखा। इसके बाद कमरे में सांप गुम हो गया। संजली की मां ने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। आनन-फानन में बच्ची को शेखपुरा के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की पुष्टि के उपरांत परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों के चित्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। इसके उपरांत स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। वहीं, इस मामले में सरमेरा थाना अध्यक्ष विकास कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। यूडी केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।