फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: मेले में सजावट के दौरान करंट की चपेट में आया 14 वर्षीय किशोर, मौत के बाद 5 घंटे सड़क जाम

Tue, 08 Sep 2026 09:58 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,नालंदा

सार

नालंदा के एकंगरसराय थाना क्षेत्र में महादेव स्थान के समीप कृष्ण जन्माष्टमी मेले में सजावट का काम करने के दौरान 14 वर्षीय सुजीत कुमार की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को बिहारशरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर रेलवे फाटक के पास रखकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रखा।
विज्ञापन
शोकाकुल परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र में सोमवार की रात काम करने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा महादेव स्थान के समीप हुआ। मृतक की पहचान बरसीमा गांव निवासी सुदामा रविदास के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। किशोर की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव को बिहारशरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर रेलवे फाटक के पास रखकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

कृष्णजन्माष्टमी मेले में सजावट का काम कर रहा था सुजीत

सुजीत कुमार अपने पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह एकंगरसराय स्थित पप्पू टेंट हाउस में मजदूरी करता था। इन दिनों वह महादेव स्थान के पास आयोजित कृष्णजन्माष्टमी मेले में सजावट के काम में लगा हुआ था।

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच काम करने के दौरान सुजीत बिजली के करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसे आनन-फानन में एकंगरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

सुजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के बड़े भाई मिथिलेश रविदास ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। जब वह अस्पताल पहुंचे तो उस समय तक उनके भाई की मौत हो चुकी थी। मिथिलेश रविदास ने बताया कि कुछ लोग घटना को करंट लगने से हुई मौत बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों की ओर से उसे मारकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने न्याय और मुआवजे की मांग की

मृतक के जीजा रोशन कुमार ने घटना में न्याय और मुआवजे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने परिजनों पर लाठीचार्ज भी किया।
वहीं, परिजन मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे और टेंट संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर डटे रहे। इसके चलते बिहारशरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, समझाने के बाद खुला जाम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों ने पुलिस का विरोध किया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया गया और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।

आवेदन मिलने पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई

हिलसा डीएसपी-2 राम दुलार प्रसाद ने बताया कि करंट लगने से एक बच्चे की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजनों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम किया था। उन्होंने बताया कि आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत करा दिया गया है।

विज्ञापन

डीएसपी ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें