बिहार के नालंदा जिले में एक बुजुर्ग की दिल दहला देने वाली हत्या की गई है। अपराधियों ने उनका सिर कुचल दिया, एक आंख निकाल ली और प्राइवेट पार्ट काटकर उसमें ईंट और रोड़ी भर दी। यह घृणित घटना बेन थाना क्षेत्र के महाविगहा गांव के पास घटी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान लकैयापर गांव निवासी 60 वर्षीय बाल किशुन पाल के रूप में हुई है। बाल किशुन मवेशियों के लिए दवा लाने मंगलवार को बेन बाजार गए थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह सड़क किनारे उनका क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
शाम को घर से निकले, सुबह मिला शव
परिजनों के अनुसार, बाल किशुन पाल मवेशियों के लिए दवा लेने के लिए घर से निकले थे। जब देर रात तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह महाविगहा गांव के पास सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिला। परिजनों ने शव की स्थिति देखकर हत्या की नृशंसता को लेकर गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि हत्या के तरीके को देखते हुए यह एक सोची-समझी साजिश लगती है।
हत्या के पीछे रंजिश या तंत्र-मंत्र का शक?
परिजनों और ग्रामीणों का मानना है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश हो सकती है। वहीं, कुछ लोगों ने तंत्र-मंत्र के एंगल से भी जांच की मांग की है, क्योंकि अपराधियों ने शव को अमानवीय रूप से क्षतिग्रस्त किया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही बेन थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने कहा कि हत्या के पीछे क्या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है ताकि सबूतों की गहन जांच की जा सके। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में दहशत, जल्द न्याय की मांग
इस घटना के बाद से गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।