बिहार के नालंदा जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) ने दस्तक दे दी है। बिहारशरीफ स्थित जिलाधिकारी आवास परिसर में मृत मिले चार कौओं की जांच रिपोर्ट में घातक H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की रिपोर्ट सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग अलर्ट हो गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। जिले के सभी पशु चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। वहीं, बिहारशरीफ के आसपास 12 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित कर निगरानी शुरू कर दी गई है।
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे ने बताया कि बीते 6 नवंबर को डीएम आवास परिसर में चार कौए संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। मौत की वजह जानने के लिए उनके सैंपल पहले पटना, फिर कोलकाता और अंत में भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की प्रयोगशाला में भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है।
इसके बाद संक्रमण की रोकथाम के लिए तत्काल कदम उठाए गए हैं। नगर निगम की मदद से डीएम आवास परिसर और आसपास की डीएम कॉलोनी में सैनिटाइजर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया है। साथ ही जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।
12 किलोमीटर के दायरे में पोल्ट्री फार्मों की निगरानी
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बिहारशरीफ शहर के आसपास 12 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन में रखा है। इस क्षेत्र के सभी पोल्ट्री फार्मों से मुर्गियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रखंड स्तर पर भी विशेष निगरानी टीमें बनाई गई हैं, जो ग्रामीण इलाकों में पोल्ट्री फार्मों और पक्षियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
पटना से पहुंची विशेषज्ञों की टीम, संक्रमण रोकने की रणनीति तैयार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान की चार सदस्यीय विशेषज्ञ टीम नालंदा पहुंची। इसमें डॉ. प्रियरंजन, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. ज्ञानवेंद्र कुमार वर्मा और डॉ. संजय कुमार शामिल थे।
टीम ने सबसे पहले डीएम आवास परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें वायरस के संभावित स्रोत, अब तक उठाए गए एहतियाती कदमों और संक्रमण को फैलने से रोकने की आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रवासी पक्षियों से फैलने की आशंका, पोल्ट्री फार्मों में अब तक संक्रमण नहीं
जिला पशुपालन पदाधिकारी के अनुसार, सर्दियों के मौसम में साइबेरिया सहित अन्य ठंडे क्षेत्रों से प्रवासी पक्षी और बत्तख बड़ी संख्या में जिले के जलाशयों में पहुंचते हैं। ये पक्षी बर्ड फ्लू वायरस के प्राकृतिक वाहक हो सकते हैं। आशंका है कि इनके संपर्क में आने से स्थानीय कौए संक्रमित हुए हों।
हालांकि, प्रशासन के मुताबिक अब तक शहर या ग्रामीण क्षेत्र के किसी भी पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की असामान्य मौत या बर्ड फ्लू संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है। इसे फिलहाल राहत की बात माना जा रहा है।
इंसानों में भी फैल सकता है H5N1 वायरस, इन लोगों को ज्यादा खतरा
विशेषज्ञों के मुताबिक, H5N1 वायरस मुख्य रूप से पक्षियों को संक्रमित करता है, लेकिन संक्रमित पक्षियों के निकट संपर्क में आने से इंसानों में भी संक्रमण का खतरा रहता है। पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों, पक्षी पालकों और चिकन-अंडा विक्रेताओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रशासन ने लोगों से मृत या बीमार पक्षियों को न छूने और ऐसी कोई घटना सामने आने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचना देने की अपील की है। फिलहाल जिले में संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।