कार्यक्रम में मौजूद मंत्री दीपक प्रकाश
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही कराए जाएंगे। इस बार चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर लागू होगा और लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह बातें बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने रविवार को सासाराम पहुंचने पर कही। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को सरल और साफ तरीके से कराया जाएगा। मतदान के दौरान फर्जी मतदान और मतगणना को लेकर जो भी भ्रम की स्थिति बनती है, उसे दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी।
उपेंद्र कुशवाहा के राज्यसभा जाने पर दिया जवाब
मंत्री दीपक प्रकाश ने उपेंद्र कुशवाहा के फिर से राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा कि यह गठबंधन का मामला है। गठबंधन में शामिल सभी दल आपस में बैठकर इस पर फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह इससे अधिक कुछ नहीं कह सकते। बता दें कि मंत्री दीपक प्रकाश रविवार को सासाराम में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।
पढे़ं; दुकान बंद कर रहे व्यापारी पर बरसी गोलियां, एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शराबबंदी को बताया ऐतिहासिक फैसला
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शराबबंदी को मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी को लेकर सरकार की नीति पूरी तरह साफ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो सामाजिक बदलाव आया है, उसका गवाह पूरा बिहार ही नहीं बल्कि दुनिया भी है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए।
दरअसल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने हाल ही में सदन में शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग की थी। इसके बाद से शराबबंदी को लेकर चर्चा लगातार जारी है।