बेलछी थाना क्षेत्र के कोरारी गांव में 50 वर्षीय विपिन उर्फ टुल्ली महतो की सोते समय चाकू से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई। घटना की सूचना बेटी और ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू कर दी है।
बेलछी थाना क्षेत्र के कोरारी गांव में सोते हुए 50 वर्षीय विपिन उर्फ टुल्ली महतो की चाकू मारकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। सूत्रों के अनुसार, देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह ने विपिन महतो पर हमला किया और उसके शरीर के कई हिस्सों में चाकू से वार किए। सुबह उसकी बेटी जब पिता को उठाने गई तो खून से लथपथ अवस्था में उसे देखकर चीख पड़ी। इसके बाद ग्रामीण घटना स्थल पर जमा हुए और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
बेलछी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में कई जगह चाकू के निशान पाए गए हैं। घटना की जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम को भी लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक विपिन महतो के दो बच्चे हैं—एक पुत्र और एक पुत्री, जबकि उनकी पत्नी पहले ही उन्हें छोड़ चुकी है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और स्थानीय प्रशासन से बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक किसान था और खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। घटना के बाद बच्चों के रोने और ग्रामीणों की आंखों में आंसू छलक आए। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारण और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। जांच में लगे अधिकारी घटना की हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं और जल्द ही जिम्मेदारों को पकड़ने का दावा किया गया है।