दानापुर रेल मंडल के बाढ़ स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति खैनी थूकने के लिए प्लेटफॉर्म से नीचे गया था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन गुजर रही थी।
दानापुर रेल मंडल के बाढ़ स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:45 बजे एक व्यक्ति खैनी खाने के बाद थूकने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 2 से पटरी के किनारे गया था। उसी दौरान पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22348) प्लेटफॉर्म नंबर 2 से थ्रू गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के पास आने पर तेज हॉर्न भी बजाया गया, लेकिन इसके बावजूद व्यक्ति सतर्क नहीं हुआ। खैनी फेंकने के दौरान वह प्लेटफॉर्म की ओर झुका और तेज रफ्तार ट्रेन के झटके से वह उछलकर प्लेटफॉर्म पर दूर जा गिरा।
विज्ञापन
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद घायल व्यक्ति को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से एक टॉर्च, हॉर्लिक्स खरीदने की पर्ची और झोले में सब्जी मिली है। मृतक ने आसमानी रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी।
रेल जीआरपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। व्यक्ति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे तुरंत पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जीआरपी थानाध्यक्ष ने प्लेटफॉर्म पर गुटखा और खैनी खाने वाले यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।