फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: सूरत से लौटकर किया गंगा स्नान, ससुराल पहुंचते ही लगा ली फांसी; परिवार में मचा कोहराम

Wed, 17 Jun 2026 11:54 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा

सार

नालंदा के नगरनौसा में सूरत से लौटे 42 वर्षीय बब्लू बिंद ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार वह बेटी के प्रेम विवाह के बाद से मानसिक तनाव में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शव ले जाते हुए परिजन - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के खपुरा गांव में एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतक के ससुराल और पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र स्थित बल्लूपर (बालूपर) गांव निवासी रामबली बिंद के पुत्र बब्लू बिंद (42) के रूप में हुई है।
विज्ञापन


सूरत से लौटकर पहुंचे थे ससुराल
परिजनों के अनुसार बब्लू बिंद अपनी पत्नी के साथ गुजरात के सूरत शहर में रहकर एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। मृतक के साले रोहित ने बताया कि दोनों 14 जून को सूरत से बिहार लौटे थे। परिवार एक पारिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वापस आया था। बताया गया कि यात्रा के दौरान बब्लू बिंद फतुहा स्टेशन पर उतर गए थे। वहां उन्होंने गंगा स्नान और कुछ धार्मिक अनुष्ठान किए। इसके बाद शाम को वे नगरनौसा के खपुरा गांव स्थित अपने ससुराल पहुंचे।

रात में अचानक उठे और लगा ली फांसी
परिजनों ने बताया कि ससुराल पहुंचने के बाद बब्लू बिंद काफी शांत और चिंतित नजर आ रहे थे। उन्होंने रात का भोजन भी नहीं किया। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। देर रात जब परिजनों की नींद खुली तो बब्लू बिंद अपने बिस्तर पर नहीं मिले। उनकी तलाश शुरू की गई। नीचे कमरे में जाकर देखा गया तो उन्होंने बांस के सहारे ओढ़नी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। परिजन उन्हें तुरंत नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  Bihar Police: 500 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे चरण की सिपाही भर्ती परीक्षा, फर्जीवाड़ा रोकने के लिए खास व्यवस्था

बेटी के प्रेम विवाह के बाद से थे परेशान
परिवार के लोगों का कहना है कि बब्लू बिंद पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध सूरत में ही अपने साथ काम करने वाले युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। परिजनों के मुताबिक, जिस युवक से उनकी बेटी ने शादी की, उसी युवक से परिवार की एक अन्य रिश्तेदार युवती का विवाह तय होने की चर्चा चल रही थी। इस घटना के बाद बब्लू बिंद सामाजिक और मानसिक दबाव महसूस कर रहे थे। परिजनों का मानना है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
विज्ञापन


पुलिस कर रही मामले की जांच
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें