रोहतास जिले से बुधवार की शाम एक महिला और पुरुष द्वारा एक साथ आत्महत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के डेहरी रेलवे स्टेशन के समीप महिला-पुरुष ने एक मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृत पुरुष की पहचान करवंदिया थाना क्षेत्र के धटमापुर गांव निवासी लालमोहन सिंह के 29 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है, जबकि मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
मालगाड़ी के आगे कूदकर दी जान
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बुधवार की शाम रेलवे ट्रैक पोल (पाया) नंबर 2/33 और 2/35 के बीच एक महिला व एक पुरुष ने मालगाड़ी के आगे आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शवों को देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ और डालमियानगर थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया।
पुरुष शादीशुदा, महिला अज्ञात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला के साथ आत्महत्या करने वाला सुभाष कुमार शादीशुदा था और घर में पत्नी के अलावा उसकी दो संतानें एवं वृद्ध माता-पिता हैं। सुभाष घर का इकलौता चिराग था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी, लेकिन उसके इस तरह चले जाने से परिवार पर जीविका का संकट खड़ा हो गया है। सुभाष के साथ आत्महत्या करने वाली महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
आत्महत्या से परिजन स्तब्ध, शक गहराया
सुभाष के इस आत्मघाती कदम से परिजन हैरान हैं। उन्होंने कहा कि सुभाष उक्त महिला के संपर्क में कब और कैसे आया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही वे उस महिला को पहचानते हैं। महिला के साथ आत्महत्या करने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे पुलिस और परिजनों का शक गहराता जा रहा है।
ये भी पढ़ें:
ट्रेनों के लिए बने पुल पर पैदल चल रहा था युवक, अचानक आई जनहित एक्सप्रेस; लोगों के सामने मौत
अज्ञात महिला की पहचान में जुटी पुलिस
मामले में डालमियानगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है तथा अज्ञात महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृत महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी गई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।