Bihar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कैबिनेट की बैठक की, जिसमें उन्होंने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोनपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। कैबिनेट की बैठक में कुल 35 प्रस्तावों पर मुहर लगी है।
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने सारण जिले के सोनपुर में 4200 एकड़ भूमि पर भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए 1302 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृत किया है।
35 एजेंडों पर लगी मुहर
मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 35 प्रस्तावों पर सहमति बनी, जिसमें सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा। केंद्रीय बजट में इस एयरपोर्ट को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद से ही राज्य सरकार भूमि चयन और वित्तीय आवंटन की तैयारी में जुटी थी। बताया जाता है कि यह एयरपोर्ट आधुनिक के साथ-साथ विशाल रनवे वाला होगा। तकनीकी मानकों के अनुसार, रनवे की लंबाई और क्षमता इस स्तर की होगी कि यहाँ दुनिया के सबसे बड़े यात्री विमान, जैसे एयरबस A380, आसानी से लैंड कर सकेंगे। इससे बिहार सीधे तौर पर अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों के प्रमुख शहरों से जुड़ सकेगा।
अर्थव्यवस्था में होंगे क्रांतिकारी बदलाव
बताया जाता है कि यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हाजीपुर-डुमरिया के बीच स्थित दरियापुर चंवर क्षेत्र में बनाया जाएगा। 4200 एकड़ में फैले होने के कारण यह न केवल बिहार का, बल्कि पूर्वी भारत के सबसे बड़े हवाई अड्डों में से एक होगा। सरकार ने इसके निर्माण और संचालन के लिए वर्ष 2030 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है। सोनपुर में बनने वाले इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से न केवल उत्तर बिहार बल्कि पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव होंगे। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से सोनपुर मेला, वैशाली और बौद्ध सर्किट जैसे पर्यटन स्थलों तक विदेशी पर्यटकों की पहुंच सुगम होगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के समीप होटल, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। बताया जाता है कि यह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते विमानों के दबाव को कम करने में मील का पत्थर साबित होगा।