रोहिणी आचार्य ने आज फिर उन बातों को दुहराया, लेकिन साथ में अपने माता-पिता और बहन की भी चर्चा की। पूछे जाने पर रोहिणी ने कहा कि, " मुझे जो कुछ भी कहना था, मैंने सोशल मीडिया पर कह दिया है। मेरे साथ जो कुछ भी हुआ, उसके बारे में मैंने झूठ नहीं बोला है।" जब रोहिणी से चप्पल से मारने वाले का नाम पूछा तो रोहिणी आचार्य ने कहा कि, "आप ये सब तेजस्वी यादव, संजय यादव, राहेल यादव और रमीज़ से जाकर पूछ सकते हैं।
माता-पिता साथ हैं, लेकिन खामोश
रोहिणी आचार्य ने कहा कि मेरे पिता हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं। मेरे माता-पिता और मेरी बहनें कल मेरे लिए रो रही थीं। मैं उनके जैसे माता-पिता पाकर खुशकिस्मत हूं।" रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि, "जिस परिवार में भाई होते हैं, वहाँ सिर्फ़ उन्हें ही परिवार के लिए त्याग करना चाहिए। मैंने अभी-अभी अपने भाई को अस्वीकार किया है, लेकिन मेरे माता-पिता और मेरी बहनें मेरे साथ हैं। मैं मुंबई अपने ससुराल जा रही हूँ। मेरी सास इन सबके बाद मेरे लिए बहुत चिंतित हैं, और उन्होंने मुझे वापस बुला लिया है। मैं अपनी सास के पास जा रही हूँ।"