बिहार की राजधानी पटना के सुल्तानगंज इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। रूपेश सिंह हत्याकांड के महज चार दिन बाद हुई इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गुलाबी घाट की है।
यहां अलाउद्दीन उर्फ बिकाई नाम के एक युवक पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी गई। दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। युवक को घायल स्थिति में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक का पीएमसीएच में वाहन स्टैंड का ठेका है। इसी से संबंधित कुछ विवाद चल रहा था, जिसमें अपराधियों ने आज उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने नाकाबंदी की है, लेकिन हमलावरों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।