कैमूर के भभुआ में दिल्ली कोर्ट के आदेश पर नकली बोतल बंद पानी बनाने वाली फैक्टरी पर छापेमारी कर 60-70 लाख रुपये का माल जब्त किया गया और फैक्टरी सील कर दी गई।
कैमूर जिले के भभुआ वार्ड 25 ददरा रोड स्थित धीरज इंटरप्राइजेज पर दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर शनिवार शाम 5 बजे बड़ी छापेमारी हुई। फैक्टरी में मशहूर क्लियर कंपनी के नाम पर नकली पानी 'क्लियर प्लस कॉपर' के नाम से बनाया और बेचा जा रहा था।
विज्ञापन
छापेमारी में करीब 60 से 70 लाख रुपये का माल बरामद किया गया। मौके से भारी मात्रा में बोतलें और स्टीकर भी जब्त किए गए, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस की मौजूदगी में फैक्टरी को सील कर दिया गया।
लोगों को गुमराह किया जा रहा था
कार्रवाई के दौरान कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता राजन द्विवेदी और उनकी चार सदस्यीय टीम, कोर्ट द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर अधिवक्ता हिमांशु सेहरा और भभुआ थाना पुलिस मौजूद रहे। एनर्जी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड के एरिया सेल्स मैनेजर विवेकानंद ओझा ने बताया कि एक साल पहले कंपनी को सूचना मिली थी कि भभुआ के वार्ड 25 ददरा रोड में क्लियर ब्रांड के नाम से नकली पानी बेचा जा रहा है। नकली पानी को कम दाम पर बेचकर असली क्लियर कंपनी के उत्पाद को दबाया जा रहा था और लोगों को गुमराह किया जा रहा था।
कुल 70 लाख का सामान जब्त
इसके बाद कंपनी ने दिल्ली कोर्ट में केस दर्ज कराया था। एक साल बाद कोर्ट के आदेश पर यह छापेमारी हुई। फैक्टरी मंजू देवी के नाम से पंजीकृत थी और धीरज इंटरप्राइजेज के नाम से चलाई जा रही थी। छापेमारी में बोतल, स्टीकर और तैयार माल समेत कुल 70 लाख का सामान जब्त कर फैक्टरी सील कर दी गई।