मलमास मेले में शामिल होने के लिए पटना से राजगीर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इस बार यात्रा काफी आसान और आरामदायक होने वाली है। बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसटीडीसी) ने पटना से राजगीर के विभिन्न आकर्षणों जैसे गर्म कुंड, विश्व शांति स्तूप और ग्लास ब्रिज के भ्रमण के लिए लग्जरी एसी वाहनों का संचालन शुरू किया है। ये गाड़ियां सरकारी दरों पर उपलब्ध होंगी, जिससे परिवार और दोस्तों के समूह आसानी से बुकिंग कर आरामदायक सफर का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटकों के बजट और जरूरत के अनुसार कई विकल्प
बीएसटीडीसी ने पर्यटकों की जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए कई प्रकार की गाड़ियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें छोटी कारों से लेकर बड़ी लग्जरी बस तक के विकल्प शामिल हैं। उपलब्ध वाहनों में ऑल्टो, इंडिगो, स्विफ्ट डिजायर, बोलेरो, स्कॉर्पियो, इनोवा क्रिस्टा, ट्रैवलर, विंगर और लग्जरी कैरावन बस शामिल हैं।
यह होंगी किराये की दरें
• इंडिगो, ऑल्टो, स्विफ्ट डिजायर जैसी छोटी एसी कारें – 14 रुपये प्रति किलोमीटर
• सूमो, बोलेरो, स्कॉर्पियो, सफारी स्टॉर्म – 17 रुपये प्रति किलोमीटर
• इनोवा क्रिस्टा – 18 रुपये per किलोमीटर
• कैरावन कार – 35 रुपये प्रति किलोमीटर
• लग्जरी कैरावन बस – 75 रुपये प्रति किलोमीटर
कैरावन बस और कार में मिलेंगी होटल जैसी सुविधाएं
बीएसटीडीसी की कैरावन बस और कैरावन कार इस योजना का खास आकर्षण हैं। कैरावन बस में होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें हाईटेक किचन, लेटेस्ट बाथरूम, चार स्लीपर बेड, रिक्लाइनर सीट, सोफा, टीवी, फ्रिज और माइक्रोवेव जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इस बस में एक बार में करीब 10 लोग आराम से यात्रा कर सकते हैं। इससे यात्रियों को अलग से होटल बुक करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वहीं, छोटे समूहों के लिए कैरावन कार की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें करीब 7 लोग सफर कर सकते हैं। इसमें भी टीवी, फ्रिज, माइक्रोवेव, सोफा और बाथरूम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह बड़ी कैरावन बस की तुलना में सस्ती है, लेकिन लग्जरी अनुभव लगभग समान है।
ये भी पढ़ें:
भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुके सीएस कार्यालय पर निगरानी का एक्शन, 20 हजार लेते ही पकड़ा गया लिपिक
बुकिंग और संपर्क की सुविधा
बुकिंग या अधिक जानकारी के लिए यात्री बीएसटीडीसी के ट्रांसपोर्ट मैनेजर से मोबाइल नंबर 8544418209 पर संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा निगम की आधिकारिक वेबसाइट बीएसटीडीसी पर उपलब्ध है। यह सुविधा केवल मलमास मेले तक सीमित नहीं रहेगी। पर्यटक राजगीर, नालंदा समेत बिहार के अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए भी इन वाहनों का उपयोग कर सकेंगे।