मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऐतिहसिक एलान का फायदा मिलना आज से शुरू हो गया। आज 1 अगस्त से 125 यूनिट बिजली की बचत का फायदा इसी महीने के बिजली बिल पर नजर आने लगेगा। यह राहत बिहार के 125 यूनिट से कम बिजली उपयोग करने वाले परिवारों के लिए बड़ी सौगात से कम नहीं है। ऐसे में यदि आप 125 यूनिट से कम बिजली उपयोग करते हैं तो आपका बिजली बिल ‘शून्य’ होगा।
1.86 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं की बल्ले बल्ले
बिहार के 1.86 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह महीना बेहद खास होने वाला है। दरअसल बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत अब हर महीने 125 यूनिट तक की बिजली बिल्कुल मुफ्त मिलेगी। इस घोषणा का सीधा लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसका लाभ इसी महीने से मिलना शुरू हो जाएगा। जिस उपभोक्ता के बिजली की खपत 125 यूनिट से कम होगी, ऐसे उपभोक्ताओं का बिल शून्य होगा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Election : मतदाता सूची प्रारूप में कैसे देखेंगे नाम? छूट गए तो 2 अगस्त से कहां कर सकेंगे शिकायत; जान लें
बिल में मिलेगी राहत, खाते में दिखेगा बैलेंस
जुलाई में कैबिनेट से पारित इस योजना का लाभ 1 अगस्त से मिलना शुरू हो जाएगा। पोस्टपेड उपभोक्ताओं के लिए अगस्त में जारी होने वाला बिल सीधे 125 यूनिट की कटौती के साथ तैयार होगा। वहीं, स्मार्ट प्रीपेड मीटर वालों को 125 यूनिट तक कोई रिचार्ज नहीं करना होगा। अगर रिचार्ज पहले ही कर चुके हैं, तो उस यूनिट की राशि उनके शेष बैलेंस में जुड़ जाएगी।
जानिये किसको मिलेगा फायदा
राज्य सरकार के अनुमान के मुताबिक, 1.67 करोड़ उपभोक्ता हर महीने औसतन 125 यूनिट या उससे कम बिजली खपत करते हैं। ऐसे में ये उपभोक्ता अब शत-प्रतिशत सब्सिडी का सीधा लाभ उठा पाएंगे। शहरी उपभोक्ताओं को करीब 550 रुपये प्रति माह की बचत होगी। वहीं, ग्रामीण उपभोक्ताओं को करीब 306 रुपये प्रति माह का फायदा मिलेगा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : मतदाता पुनरीक्षण शुरू होते ही बिना सूचना लापता हुए बीडीओ, डीएम ने की अब कार्रवाई
फ्री का लाभ लेने के लिए क्या करना होगा
बिहार सरकार की ओर से दी गई यह सहायता सभी ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए समान लागू होगी। ऊर्जा विभाग का कहना है कि इस योजना के लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार का कोई आवेदन या पंजीकरण नहीं करना होगा। योजना स्वतः लागू होगी और लाभ की जानकारी एसएमएस के जरिए दी जाएगी।
सरकार ने दी चेतावनी, कहा- ऐसी भूल कर भी न करें
सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि योजना के नाम पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। फर्जी लिंक या कॉल के जरिए उपभोक्ताओं को झांसे में लेने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में सरकार उपभोक्ताओं को सावधान और सजग रहने की भी हिदायत दे रही है। ऊर्जा विभाग ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अगर किसी भी प्रकार की कोई जरूरत पड़े तो सीधे बिजली विभाग के अधिकृत वेबसाइट या हेल्पलाइन से संपर्क कर लें।