Patna News : विधानसभा चुनाव से पहले पटना पुलिस ने ऑपरेशन ‘जखीरा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहटा के तारानगर गांव में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक घर से 392 किलो विस्फोटक बरामद किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चल रहे ऑपरेशन 'जखीरा' के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहटा के अमहरा आईआईटी थाना क्षेत्र के तारानगर गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 392 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि तारानगर गांव में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री इकट्ठी की जा रही है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक घर से 392 किलो विस्फोटक जब्त किया।
विज्ञापन
बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से सनसनी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अरमान, मोहम्मद राजा, मोहम्मद आफताब और सोनू आलम, सभी निवासी तारानगर, के रूप में हुई है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूचना पर यह छापेमारी की गई
पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तारानगर में पहले भी वर्ष 2018 में विस्फोट की एक बड़ी घटना हुई थी, जिसमें काफी नुकसान हुआ था। उसी क्षेत्र में फिर से विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना पर यह छापेमारी की गई। एसपी ने बताया कि बरामद किया गया विस्फोटक पटाखे बनाने के लिए अवैध रूप से रखा गया था, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में इसे लाने और रखने के पीछे की मंशा को लेकर जांच जारी है।