राजधानी पटना में अचानक हुई फायरिंग की घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। खान सर के कोचिंग सेंटर के पास में रहने वाले लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह फायरिंग किसने और क्यों की। फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के पास 2 जून की देर रात अचानक फायरिंग की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस वारदात के बाद खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे।
नाश्ते की दुकान पर हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर के कोचिंग कैंपस के अंदर उनका एक ब्लड सेंटर है, जबकि बाहर नाश्ते की एक दुकान स्थित है। इस नाश्ते की दुकान पर अक्सर लड़कों की भारी भीड़ जुटी रहती है। भीड़-भाड़ और सुरक्षा कारणों को लेकर पहले भी कई बार खान सर के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लड़कों के बीच कहासुनी हो चुकी है।
कोचिंग सेंटर के पास क्या हुआ?
घटना मंगलवार की देर रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, नाश्ते की दुकान पर खड़े कुछ लड़कों के साथ खान सर के गार्ड की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में सन्नाटा पसर गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना कदमकुआं थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।