नालंदा में जिला मुख्यालय बिहार शरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में विश्वकर्मा पूजा की रात फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई। अगलगी की घटना संतोष कुमार की आमस फर्नीचर दुकान में हुई। फर्नीचर दुकानदार संतोष कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के बाद वे स्टाफ के साथ घर लौट गए थे। आधी रात लगभग 12 बजे स्थानीय लोगों ने फोन कर सूचना दी कि दुकान में आग लग गई है। जब वे अपने स्टाफ के साथ दुकान पहुंचे तो अंदर से लपटें और धुआं निकल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि हवन सामग्री की वजह से आग फैल गई, जिससे पूरी दुकान जल उठी। इस हादसे में करीब 35 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ।
चार दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की चार छोटी-बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान में रखा पूरा फर्नीचर और एक चारपहिया वाहन जलकर खाक हो गया। वहीं, चाय बनाने के लिए रखा छोटा गैस सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
पढ़ें: 'घुसपैठ हो रही, चौकीदार सो रहा है', स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का PM मोदी पर तंज; आगामी चुनाव पर भी बोले
आसपास की दुकान और मकान भी प्रभावित
आग की तेज लपटों से आसपास की दुकानें और मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। फर्नीचर दुकान के पास स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र, जहां वर्तमान में एसबीआई का लाइफ ऑफिस संचालित था, उसे भी नुकसान पहुंचा।
थाना अध्यक्ष ने दी जानकारी
लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम दमकल विभाग के साथ मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पीड़ित दुकानदार नुकसान का आकलन कर रहे हैं। आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पूजन सामग्री से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।