पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार घायल अपराधी की पहचान प्रणव कुमार धीरज के रूप में हुई है, जिसका इलाज अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।
हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की सूचना पर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे कुछ बदमाशों ने दियारा क्षेत्र में किसानों की राई की फसल जबरन काट ली थी और उसकी दमाही कर रहे थे। इसी दौरान एसटीएफ को सूचना मिली कि पंडारक दियारा इलाके में कुछ बदमाश हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई।
मौके से कई हथियार बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो देशी रायफल, एक बंदूक, एक सिक्सर और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल पर कई खोखे भी बिखरे मिले हैं, जिससे गोलीबारी होने की पुष्टि होती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों ओर से कितनी गोलियां चलीं।
कई संदिग्ध हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक पुलिस और एसटीएफ ने चार संदिग्धों को मौके पर हिरासत में लिया है। उन्हें आंखों पर गमछा बांधकर बैठाया गया है और पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
ईद से पहले मातम,सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, इकलौते बेटे की हुई दर्दनाक मौत
जांच में जुटी एफएसएल टीम
घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और एफएसएल टीम भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आधिकारिक जानकारी जारी की जा सकती है।