पटना जिला के बाढ़ थाना अंतर्गत मनकौरा गांव में मूर्ति विसर्जन में गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, पत्थर चले और फायरिंग की गई। कुछ लोगों ने गली में खड़ी एक गाड़ी में भी तोड़फोड़ की।
पटना जिला के बाढ़ थाना अंतर्गत मनकौरा गांव में मूर्ति विसर्जन के बाद विवाद हुआ। गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग की घटना हुई। इस दौरान गली में खड़ी एक गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से 10 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन
दरअसल रात में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। मूर्ति विसर्जन के लगभग तीन घंटे बाद गाना बजाने को लेकर बहस हुई थी। पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। सुबह फिर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों तरफ से लोग पत्थरबाजी करने लगे। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने अपने घर से राइफल निकालकर फायरिंग की।
पुलिस के अधिकारी रामकृष्ण ने बताया कि सुबह मनकौरा में विवाद की सूचना मिली थी। यह मामला बीती रात ही सुलझा दिया गया था। सुबह दोनों पक्षों के बीच पथराव की घटना सामने आई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग का आरोप लगाया है। हालांकि, फायरिंग को लेकर कोई साक्ष्य नहीं मिला है। दोनों पक्षों से ज्यादा भीड़ जुट जाने के कारण यह घटना दोबारा हुई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में दोनों पक्षों से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रथम दृष्टया विवाद पूर्णिमा के दिन मूर्ति विसर्जन के बाद कार्यक्रम से जुड़ा है। विसर्जन के करीब तीन घंटे बाद गाना बजाने को लेकर युवाओं के बीच झड़प हुई थी। सुबह एक खड़ी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किया गया।