रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधरिया गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के किनारे एक खेत से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर लावारिस हाल में खड़ी एक बाइक के आधार पर शव की पहचान की है।
जिसके आधार पर पता चला कि युवक राकेश कुमार उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला है। इधर सड़क किनारे एक खेत में संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया तथा घटना की सूचना पाकर रोहतास एसपी रौशन कुमार भी अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
मामले में एसपी ने बताया कि शिवसागर थाना क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जिसको लेकर एफएसएल, डॉग स्क्वायड एवं एसआइटी गठित कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जो संभवतः मृतक की बताई जाती है।
वाहन के स्वामित्व के आधार पर मृतक उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। एसपी ने कहा कि परिजनों के अनुसार मृतक बीते शुक्रवार को लगभग 3 बजे पत्नी से विवाद के बाद मोबाइल बंद कर घर से निकल गए थे और परिजनों द्वारा इसकी सूचना भी स्थानीय थाने में दे दी गई थी।
मृतक एनटीपीसी में कार्य करते थे, लेकिन कुछ दिनों से उन्होंने नौकरी छोड़कर एक दुकान शुरू किया था और कई कारणों से परेशान भी चल रहे थे। वहीं मृतक का अक्सर अपनी पत्नी से विवाद होता रहता था और इससे पूर्व भी कई बार वे घर से गायब हो गए थे। जिसके कारण परिजनों ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया और आज उनका बिहार के रोहतास जिले से शव बरामद हुआ है। एसपी ने कहा कि युवक की किन परिस्थितियों में मौत हुई है, इसकी पूरी जानकारी टेक्निकल अनुसन्धान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मिल सकती है।