मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में पटना मेट्रो रेल परियोजना, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप और जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
पटना मेट्रो को लेकर सख्त निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेट्रो परियोजना में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक बाधाओं को जल्द दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।
11 सैटेलाइट टाउनशिप के विकास पर जोर
बैठक में राज्य में शहरीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन टाउनशिप के विकास कार्यों में तेजी लाने और चरणबद्ध तरीके से योजनाओं को लागू करने का निर्देश दिया।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए नई पहल
बैठक के दौरान पटना एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम पर प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि यह प्रणाली यात्रियों को सुगम और निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
ये भी पढ़ें-
सदर अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल; एसएनसीयू में हंगामा, नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही के आरोप
जेपी गंगा पथ परियोजना पर भी चर्चा
पथ निर्माण विभाग की ओर से जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। यह परियोजना दीघा से सभ्यता द्वार तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी होगी और 25 सितंबर 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पार्किंग, उद्यान, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, खेल मैदान और महिला हाट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल और योजनाबद्ध तरीके से समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम लोग इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।
स्थल निरीक्षण कर दिए निर्देश
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ का स्थल निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने दीघा, एलसीटी घाट और बांस घाट का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।