बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में उद्योग धंधे व उद्यमिता विकास सहित औद्योगिक निवेश के लिए सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
बिहार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नए उद्योग लगाने वालों को सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। नीतीश ने कहा कि राज्य में इथेनॉल उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करें, इससे गन्ना उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
मक्का से भी इथेनॉल के उत्पादन के लिए काम करें। कुशल श्रमिकों के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही पोशाक योजना के तहत बच्चों के लिए पोशाक बनाना, पेवर ब्लॉक के निर्माण को बढ़ावा देने जैसे कई अन्य कार्य को बढ़ावा देने से रोजगार तो बढे़गा ही साथ-साथ उनकी आमदनी भी बढे़गी।