बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नालंदा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि जदयू सुप्रीमो ने रविवार को इस पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। चेहरे पर मुस्कान के साथ उन्होंने पत्रकारों से कहा कि छोड़िए न आप लोग, काहे चिंता करते हैं। हमको क्या करना है, वह करेंगे।
नालंदा से मौजूदा जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने शनिवार को कहा था कि यदि नीतीश उनकी सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं तो वह सीट छोड़ने को तैयार हैं। कौशलेंद्र लगातार तीन बार से इस सीट से सांसद हैं। जदयू नेता नीतीश कुमार 2005 तक इस सीट से सांसद रह चुके हैं। 2005 में सीएम बनने के लिए उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
पिछले साल अगस्त में भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद ऐसी अटकलें थी कि वह उत्तर प्रदेश की फूलपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इस सीट पर कुर्मी मतदाताओं की संख्या अधिक है और इस सीट का प्रतिनिधित्व देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू कर चुके हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों की एकजुटता की मुहिम में जुटे नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100वें संस्करण पर कोई टिप्पणी नहीं की।