फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार न्यूज: एक मिनट में गंगा में समा गए दो किशोर, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर; एक की जान बची

Fri, 25 Sep 2026 11:56 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस गंगा घाट पर कर्मा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के बाद गंगा में स्नान करने पहुंचे तीन युवक गहरे पानी में चले गए। सीसीटीवी फुटेज में बुधवार सुबह करीब 6:22 बजे तीनों के धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर जाने और महज एक मिनट में दो युवकों के डूबने का घटनाक्रम कैद हुआ।
विज्ञापन
बाढ़ के गंगा घाट पर बड़ा हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस गंगा घाट पर कर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में स्नान करने पहुंचे तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें से एक युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोर गंगा में डूब गए। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई।

एक मिनट में गहरे पानी में समा गए दो युवक

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6:22 बजे तीन युवक गंगा में स्नान करने के दौरान धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ चले गए। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि घाट पर मौजूद लोगों के सामने ही महज एक मिनट के भीतर दो युवक गंगा में डूब गए। इस दौरान तीसरा युवक भी डूबने लगा और अपनी जान बचाने के लिए काफी देर तक पानी में संघर्ष करता रहा। उसे बचाने के लिए मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने पानी में डिब्बा फेंका, लेकिन युवक उसे पकड़ नहीं पाया।

युवक ने जोखिम में डालकर बचाई तीसरे की जान

जब डूब रहा युवक लगातार पानी में संघर्ष कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक अन्य युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में उतरकर उसे बचाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद उसने डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तरह तीसरे युवक की जान बच गई, लेकिन दो अन्य किशोर गहरे पानी में डूब गए।

15 वर्षीय सुजीत का शव मिला, पियूष की तलाश जारी

गंगा में डूबे दोनों किशोरों में से 15 वर्षीय सुजीत कुमार का शव घटना के अगले दिन गुरुवार को बरामद कर लिया गया। वहीं, दूसरे डूबे किशोर 10 वर्षीय पियूष कुमार का शव खबर लिखे जाने तक नहीं मिल पाया था। दोनों किशोर बाढ़ के गुलाबबाग इलाके के रहने वाले थे।

विज्ञापन

पियूष की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम गंगा नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। नदी में संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही दोनों किशोरों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंगा में लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच पियूष के परिजन उसके मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे ने नदी घाटों पर मूर्ति विसर्जन और स्नान के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गहरे पानी वाले घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, लोगों को खतरनाक हिस्सों में जाने से रोकने और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें