महिला ने फंदे से लटककर की आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा गांव में गुरुवार की देर रात एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान राजू सिंह की पत्नी कश्मीरा देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर सबूत जुटाने में लगी हुई है।
सास और बच्चों के साथ रहती थी महिला
जानकारी के अनुसार, कश्मीरा देवी अपने पति राजू सिंह, सास और तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। उसका पति दूसरे राज्य में नौकरी करता है, जबकि राजू सिंह का छोटा भाई भी अपने परिवार के साथ बाहर रहता है। गुरुवार की रात कश्मीरा देवी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। देर रात जब बच्चों ने अपनी मां को फंदे से झूलता देखा तो उन्होंने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर में पहुंचे और फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी।
आत्महत्या के कारणों पर रहस्य
धनसोई थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि कश्मीरा देवी की शादी लगभग 20 साल पहले राजू सिंह से हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण था, इसका पता लगाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।