बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 26 जुलाई 2026 को प्रस्तावित 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। आयोग ने आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि परीक्षा अब तय तारीख पर आयोजित नहीं होगी।
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। आयोग ने 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। BPSC ने आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि अपरिहार्य कारणों से परीक्षा को टालने का फैसला लिया गया है। अब परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
विज्ञापन
1186 पदों पर निकली थी भर्ती
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने इसी साल 5 मई को 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE) का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। शुरुआत में आयोग ने 1230 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन बाद में संशोधित अधिसूचना जारी कर पदों की संख्या घटाकर 1186 कर दी गई। यानी पहले घोषित रिक्तियों की तुलना में 44 पद कम कर दिए गए हैं।
भर्ती के लिए रिकॉर्ड आवेदन पहुंचे
बीपीएससी 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आयोग को करीब 5 लाख 15 हजार ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह संख्या अब तक की सबसे अधिक मानी जा रही है। बिहार प्रशासनिक सेवा समेत विभिन्न प्रतिष्ठित सरकारी पदों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान इस आंकड़े से साफ झलकता है।
विज्ञापन
बीपीएससी की पिछली 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की तुलना में इस बार आवेदनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष आयोजित 71वीं परीक्षा के लिए करीब 4 लाख 71 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि इस बार लगभग 44 हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।