Bihar Vidhan Sabha: बिहार में कोर्ट के बाद अब विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने है। धमकी देने वाले ने बड़े धमाके की बात कही। इसके बाद फौरन बिहार पुलिस की टीम पहुंची और जांच में जुट गई। हालांकि, जांच के दौरान कहीं से कुछ बरामद नहीं हुआ। फिलहाल हालात सामान्य हैं।
बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अपराधी ने ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी। ई मेल में लिखा है कि बिहार विधानसभा में बम रखा हुआ है। यह कभी भी ब्लास्ट हो सकता है। घटना के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। फौरन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस बम और डॉग स्क्वायड की टीम लेकर विधानसभा पहुंची और हर जगह सघन जांच अभियान चलाया। काफी देर खोजबीन के बाद भी बम नहीं मिला।
विज्ञापन
विधानसभा अध्यक्ष ने फौरन बैठक की
इधर, विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई मेल के बाद अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने फौरन ख्याति सिंह, प्रभारी सचिव को निर्देश दिया कि वो मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को इस बात की जानकारी देकर विधान सभा परिसर की सुरक्षा दृष्टिकोण से शीघ्र जांच कराएं।
सभी कर्मियों को बाहर निकाला गया
इधर, पुलिस टीम ने पूरे विधानसभा परिसर को खंगाला। सभी कर्मियों को बाहर निकाला गया। हर एक कार्यालय की जांच की गई। रेस्टोरेंट और कैंटीन की भी जांच की गई लेकिन कहीं कुछ नहीं बरामद हुआ। मामले में पटना एसएसपी ने बताया कि अज्ञात मेल के जरिए धमकी आई है। साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। बता दें कि तीन दिन पहले ही पटना सिविल कोर्ट समेत कुछ जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकियां कौन दे रहा है? पुलिस अब तक इसका पता नहीं लगा पाई है।