पटना के बिक्रम में गेहूं की फसल जलकर हुआ राख
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के बिक्रम प्रखंड अंतर्गत पतुत गांव के बधार में शनिवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में गांव के कई किसानों की 50 बीघे से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अनुमान है कि इस आगजनी से किसानों को 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तेज हवा और बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासन आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अधिकांश फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
किसानों ने मुआवजे की मांग की
लोगों का कहना है कि इस आगजनी में किसान रेवती रमण सिंह, राधा रमण सिंह, राज कुमार सिंह, संजय सिंह और सरोज सिंह सहित कई अन्य किसानों की गेहूं की फसल प्रभावित हुई है। पीड़ित किसानों ने सरकार से शीघ्र उचित मुआवजे की मांग की है।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
इस संबंध में थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन ने बताया कि पतुत गांव से गेहूं की फसल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। स्थानीय प्रशासन और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर तेज हवा और बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है।