फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बिहटा में 10वीं की छात्रा की मौत से सनसनी, अपहरण-दुष्कर्म का आरोप; एक आरोपी गिरफ्तार

Tue, 22 Sep 2026 09:56 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बिहटा थाना क्षेत्र के एक गांव से 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के गायब होने के बाद रेलवे ट्रैक के पास घायल हालत में मिलने और इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहटा थाना क्षेत्र के एक गांव से 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के अपहरण के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर छात्रा को अगवा करने, दुष्कर्म करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

18 सितंबर को घर से गायब हुई थी छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे छात्रा के गांव से गायब होने की बात सामने आई। छात्रा जब घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके अगले दिन यानी 19 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे परिजनों को आलमनगर रेलवे पुलिस की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि छात्रा घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के पास मिली है। सूचना मिलने के बाद परिजन आलमनगर पहुंचे। वहां अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो चुकी थी।

विज्ञापन

पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। परिजनों ने दावा किया कि यह मोबाइल फोन आरोपियों में से एक का है। इसके बाद परिजन छात्रा का शव लेकर बिहटा थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मां ने तीन युवकों के खिलाफ दर्ज कराया मामला

मृतका की मां ने बिहटा थाने में तीन नामजद युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि छात्रा का अपहरण करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। मां ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

परिजनों का आरोप- पांच लाख रुपये लेकर मामला खत्म करने की धमकी दी

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर मामले को खत्म करने के लिए पांच लाख रुपये देने की बात कही। मां के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर रुपये नहीं दिए गए तो जान से मार दिया जाएगा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब तस्करी से जुड़े हैं और इसी के जरिए उन्होंने काफी संपत्ति बनाई है। इन आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच

बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से 21 सितंबर को मामले की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विज्ञापन

थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें