युवक आराम से पटना एयरपोर्ट पर घूम रहा था। सुरक्षाकर्मियों को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसकी तलाशी की गई। इसके बाद जो-जो सामान उसके पास से मिले उससे सुरक्षाकर्मी भी दंग रहे हैं। फिलहाल पटना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पटना पुलिस ने संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जय प्रकाश नारायण हवाई अड्डा (पटना एयरपोर्ट) से की गई है। आरोपी की पहचान वैशाली जिले सराय थाना क्षेत्र के सिसौनी प्रबोधी निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से गृह मंत्रालय के कुछ कागजात, सेना का फर्जी पहचान पत्र समेत कई आपत्तिजनक सामान मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद उसे एयरपोर्ट थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।मामले में सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि आरोपी शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एयरपोर्ट थाने में FIR भी दर्ज कर ली गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
इंडियन मुजाहिदीन जम्मू कश्मीर के भी फर्जी प्रमाण पत्र मिले
इस मामले में सिटी एसपी सेंट्रल की ओर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि एयरपोर्ट थाना इलाके से गुप्त सूचना पर जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में एक शख्स घूमता दिया। उसकी गतिविधि संदिग्ध देख जांच पड़ताल की गई। उसके पास से भारतीय सेना का फर्जी प्रमाण पत्र मिला है। इसके अलावा बाइक की चाबी, मिलिट्री हरे रंग का बैग, मेडिकल पाउच, आईफोन, रेडमी का फोन, आईईडी कंपोनेंट का फोटो, इंडियन मुजाहिदीन जम्मू कश्मीर समेत कई संगठनों के फर्जी प्रमाण पत्र, मोबाइल में पाकिस्तानी झंडा युक्त लोगों के साथ कई फोटो और बुलेट बाइक बरामद हुई है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी युवक के बारे में जानकारी दी गई है।