नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने घोषणा की है कि बिहार के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के लंबित निर्वाचन अब 26 मई से 31 मई 2026 के बीच कराए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने सभी जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
शहरी निकायों प्रशासनिक व्यव्था हो मजबूत
मंत्री ने बताया कि प्रत्येक जिले में संबंधित नगर निकायों के भीतर चुनाव प्रक्रिया को तय समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्थानीय शहरी निकायों की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
पहले स्थगित कर दी गई थी प्रक्रिया
मंत्री नीतीश मिश्रा ने जानकारी दी कि इससे पहले राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन 15 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक कराने का कार्यक्रम तय किया गया था। विभाग ने इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए थे।
हालांकि, अपरिहार्य कारणों की वजह से निर्वाचन प्रक्रिया को बीच में स्थगित कर दिया गया था। सरकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया था कि जिन नगर निकायों में 15 अप्रैल 2026 को चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, वहां विधिसम्मत रूप से निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति अपना कार्य जारी रखेगी।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि अब सरकार ने स्थगित चुनाव प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। सभी जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
ये भी पढ़ें-
Bihar: नीतीश कुमार की खाली सीट नहीं लेना चाहेंगे निशांत कुमार! जून में बिहार की राजनीति कौन नए चेहरे लाएगी?
नगर निकायों के विकास को मिलेगी रफ्तार
मंत्री नीतीश मिश्रा ने विश्वास जताया कि सशक्त स्थायी समिति के गठन के बाद नगर निकायों में विकास कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे शहरी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नगर निकायों में योजनाओं के संचालन, निगरानी तथा निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में बेहतर प्रशासनिक ढांचा तैयार करना और विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करना है।