पटना में पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने के बाद उनके परिवार और समर्थकों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी सिलसिले में शनिवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित विधायक चेतन आनंद के आवास पर समर्थकों की बैठक हुई। इसमें आनंद मोहन के समर्थन में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में उनकी पत्नी और सांसद लवली आनंद ने समर्थकों से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की।
लवली आनंद ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सभी को एकजुट रहने की जरूरत है। उन्होंने खुद और अपने परिवार को इस पूरे प्रकरण का सबसे बड़ा पीड़ित बताया। उनका कहना था कि परिवार लंबे समय से मुश्किल दौर का सामना कर रहा है। अब इस लड़ाई में समर्थकों को भी मजबूती से साथ देना होगा। उन्होंने लोगों से हौसला बनाए रखने और आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने की अपील की।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ी हलचल
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द कर दिया था। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार की ओर से जेल नियमावली में किए गए 2023 के संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया था। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
चेतन आनंद ने भी फैसले पर उठाए थे सवाल
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जदयू विधायक चेतन आनंद ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इस मामले में कई सवाल उठाए थे और समर्थकों व शुभचिंतकों को बैठक में शामिल होने का न्योता दिया था। साथ ही उन्होंने लोगों से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने की अपील की थी।
परिवार की ओर से बुलाई गई इस बैठक को आनंद मोहन के समर्थन में आगे की रणनीति तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि कानूनी लड़ाई के साथ परिवार और समर्थक किस तरह अपनी बात जनता के बीच रखते हैं।