बिहार में 19 साल के एक छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के फुटानी बाजार में सोमवार शाम अविनाश कुमार का शव सड़क पर मिला। उसके गले पर चोट और दबाव के निशान थे। पिता ने गांव के ही छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
फोन आने के बाद मंदिर जाने की बात कहकर निकला था छात्र
मृतक की पहचान दिलीप कुमार राम के पुत्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है। वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता प्रखंड कार्यालय में विकास मित्र के पद पर कार्यरत हैं।जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे अविनाश के मोबाइल पर किसी का फोन आया। इसके बाद उसने परिजनों को बताया कि वह देवी चौरा मंदिर जा रहा है और जल्द लौट आएगा। इसके बाद वह घर से निकल गया।
सड़क पर मृत मिला अविनाश, गले पर मिले निशान
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि कुछ लोग अविनाश के साथ मारपीट कर रहे हैं। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वह सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा था। उसके गले पर चोट और दबाव के गहरे निशान मिले। पुलिस युवक को इलाज के लिए दिघवारा स्थित सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया।
पिता ने छह लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
अविनाश के पिता ने गांव के ही छह लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपितों में एक महिला के शामिल होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटे को याद कर बिलख रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।