पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने गुरुवार को राज्य योजना मद अंतर्गत 9 जिलों की 13 योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की। इन योजनाओं में पथों का जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और नाला निर्माण का कार्य शामिल है। इन सभी परियोजनाओं पर 82 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पथ निर्माण विभाग द्वारा राज्य की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। लक्ष्य है कि बिहार के प्रत्येक जिले को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़कों से जोड़ा जाए, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, प्रशासन और परिवहन तक आम जनता की सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों के कई पथों और पुलों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को स्वीकृत योजनाओं में कटिहार की दो, सीतामढ़ी की दो, वैशाली की दो, सुपौल की दो, सारण की एक, पूर्वी चंपारण की एक, मुजफ्फरपुर की एक, समस्तीपुर की एक और नालंदा की एक योजना शामिल है।
पढ़ें: गोपालगंज में इंसानियत शर्मसार, पिता ने 13 दिन के मासूम बेटे की गला दबाकर की हत्या; मां हुई बेसुध
स्वीकृत योजनाओं में सीतामढ़ी जिले में रसलपुर-बाजपट्टी-गाढ़ा पथ पर 20वें किलोमीटर पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल निर्माण और मेजरगंज से ढेंग पथ तक 3000 मीटर आरसीसी नाला निर्माण शामिल है। वैशाली जिले में पंडसरिया चौक (लोहापुल) भरत चौक-6 लेन गंगा पुल पहुंच पथ का चौड़ीकरण और हाजीपुर में बड़ी सूयूफपुर (जगदम्बा स्थान) से बाजार समिति पथ तक चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य किया जाएगा। सुपौल में एसएच-91 के छातापुर बाजार क्षेत्र में नाला निर्माण और लोहिया नगर चौक से करिहो पथ का चौड़ीकरण व मजबूतीकरण योजना को मंजूरी दी गई है।
इसी तरह कटिहार में फलका प्रखंड के फलका बाजार और भंगहा में नाला निर्माण, सारण में सिताब दियारा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों तक पथ निर्माण, पूर्वी चंपारण के मेहसी लिंक पथ का चौड़ीकरण, मुजफ्फरपुर के मंझौली कटरा पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, समस्तीपुर के हसनपुर-विथान पथ पर स्थित पुल का गार्डर रेट्रोफिटिंग और नालंदा के अस्थावां-सकसोहरा पथ में कुम्हारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण शामिल है।