Union Budget : केंद्र में बजट सत्र शुरू हो गया है, आज पेश किए गए बजट पर रोहिणी आचार्या ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने लिखा है कि यह बजट पुराने सामान को नए डिब्बे में नए लेबल के साथ परोसने जैसा है।
केंद्रीय बजट 2026 पर सियासी घमासान मच गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को संसद में पेश किए गए 53.47 लाख करोड़ रुपये के बजट को लेकर विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी और सारण से लोकसभा प्रत्याशी रहीं रोहिणी आचार्या ने बजट को निराशाजनक करार देते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
नया लेबल, पुराना सामान
रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट की तुलना पुराने सामान की री-पैकेजिंग जैसी है। रोहिणी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि यह बजट पुराने सामान को नए डिब्बे में नए लेबल के साथ परोसने जैसा है। रोहिणी ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने का कोई स्पष्ट रोडमैप बजट में नजर नहीं आ रहा है।
रोजगार और युवाओं के मुद्दे पर घेरा
डिजिटल कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने के सरकार के फैसले पर कटाक्ष करते हुए रोहिणी ने कहा कि सरकार केवल सतही बातें कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में डिजिटल कंटेंट की बात तो है, लेकिन देश की शिक्षित और गैर-शिक्षित युवा आबादी के लिए वास्तविक जॉब-क्रिएशन कैसे होगा? किन सेक्टर्स में नौकरियां आएंगी? इस सबसे गंभीर मसले पर सरकार के पास कोई विजन नहीं है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : बीच शहर में कचरा निस्तारण केंद्र बनने पर विरोध, कहा- सरकार लोगों की जान के साथ न करे खिलवाड़ बिहार की बाढ़ और सिंचाई की अनदेखी पर नाराजगी
बिहार के संदर्भ में रोहिणी आचार्या ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार की वर्षों पुरानी मांग बाढ़ प्रबंधन, पुनर्वास और सिंचाई संसाधनों के विकास के लिए विशेष पैकेज को फिर से दरकिनार कर दिया गया है। उनके अनुसार, बिहार में बाढ़ एक त्रासदी है, लेकिन बजट में इसके स्थायी निदान के लिए कोई ठोस प्रावधान न होना प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात है। केंद्र सरकार के बजट का पहला चरण 28 जनवरी से शुरू हुआ जो 13 फरवरी तक चलेगा।